सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

पंजाब की जनसंख्या कितनी है

भारत के कुल क्षेत्रफल के सापेक्ष में बात की जाए तो पंजाब राज्य भारत के 1.53% हिस्से पर बसा हुआ है। पंजाब राज्य के अंतर्गत कुल 50,362 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आता है जिसमें 2011 की जनगणना के अनुसार 2,77,43,338 (दो करोड़, सतहत्तर लाख, तिरतालिस हजार, तीन सौ अड़तीस) लोग निवास करते हैं। इस आंकड़े के अनुसार पंजाब में प्रति वर्ग किलोमीटर में 551 लोग रहते हैं। पंजाब की यह जनसंख्या इसे भारत के 29 राज्यों में सोलहवां स्थान दिलवाती है।

पंजाब में सबसे ज्यादा सिख समुदाय के लोग रहते हैं जो पंजाब की कुल जनसंख्या का 57.69% है तथा इसके बाद हिंदू समुदाय का नाम आता है जो पंजाब की कुल जनसंख्या का 38.49% प्रतिशत है। भारत की आजादी के समय वर्ष 1951 में पंजाब की कुल जनसंख्या 91 लाख 61 हजार थी जो वर्ष 2011 में 2.77 करोड़ हो चुकी है और वर्ष 2021 में इसके साढ़े तीन करोड़ के पार जाने की संभावना है। पंजाब में हिन्दू और सिख समुदाय के अतिरिक्त मुस्लिम, जैन, बौद्ध तथा अन्य धर्म के लोग भी रहते हैं जो कि पंजाब की 4% जनसंख्या में सिमटे हुए हैं।

वहीं यदि बात पंजाब राज्य में लिंगानुपात की की जाए तो यहां पर प्रति 1000 पुरुषों के मुकाबले 895 महिलाएं हैं तथा इस राज्य की कुल जनसंख्या में 1.46 करोड़ पुरुष तथा 1.31 करोड़ महिलाएं हैं। वर्ष 2001 में पंजाब की जनसंख्या 2.43 करोड़ थी जो वर्ष 2011 में बढ़कर 2.77 करोड़ हो गई पिछले दशक में जनसंख्या के बढ़ने की रफ्तार 13.79% दर्ज की गई। भारत की कुल जनसंख्या का 2.29% पंजाब में निवास करता है तथा इसमें से अधिक्तर जनसंख्या गांवों में रहती है।

इस समय पंजाब की कुल जनसंख्या में से 62.52% लोग गांव में निवास करते हैं तथा शहरों में रहने वाले लोगों की आबादी 37.48% है। यदि हम इस प्रतिशत को संख्या के रूप में देखें तो पंजाब की कुल जनसंख्या में से 1.73 करोड़ लोग गांव में तथा 1.03 करोड़ लोग शहरों में निवास करते हैं। गांव के लोगों में 71.42 प्रतिशत अर्थात (1.09 करोड़) लोग पढ़े लिखे हैं वहीं शहरों के लोगों में 83.18% अर्थात (77 लाख) लोग पढ़े लिखे हैं। पंजाब की कुल जनसंख्या में से 75.84% लोग शिक्षित हैं। इस आंकड़े के अनुसार पंजाब में 1.04 करोड़ पुरुष तथा 82 लाख महिलाएं शिक्षित हैं। पंजाब मुख्य रूप से कृषि आधारित राज्य है तथा कृषि यहां की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है। यही कारण है कि पंजाब की अधिक्तर जनसंख्या प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि से जुड़ी हुई है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट